SSC का फॉर्म जमा होते ही सुधार की खिड़की छोटी रह जाती है। पिछले साल एक लड़के की फोटो लाल दीवार पर थी, एडमिट कार्ड तो आ गया, दस्तावेज़ जाँच में फोटो मैच नहीं हुई। परेशानी परीक्षा के बाद हुई, पहले नहीं।
पहले OTR
नए पोर्टल पर One Time Registration चाहिए। पुराना अकाउंट कभी-कभी खुलता नहीं। आधार वाला नाम और जन्म तिथि ज्यों की त्यों। ओटीआर एक बार सही बन जाए तो अगली परीक्षा में समय बचता है।
फोटो और हस्ताक्षर
सफेद बैकग्राउंड, चेहरा साफ, चश्मा हो तो आँखें दिखें। हस्ताक्षर काली स्याही, सफेद कागज़, स्कैन करके सही KB में। दुकान के फॉर्म-फोटो टूल से यही साइज बैठता है। मोबाइल फिल्टर वाली फोटो मत लगाओ।
कैटेगरी सर्टिफिकेट
OBC के लिए केंद्र सरकार वाला NCL चाहिए। राजस्थान राज्य वाला काफी नहीं माना जाता। ईडब्ल्यूएस की तारीख नोटिस में लिखी होती है, पुराना सर्टिफिकेट काट दिया जाता है।
फीस और अंतिम दिन
नेट बैंकिंग फेल हो तो स्क्रीन की फोटो और रसीद सेव कर लो। आखिरी तारीख को साइट बैठ जाती है। CGL, CHSL या राज्य फॉर्म — स्लॉट दो दिन पहले बुक कर लेना ठीक रहता है।

